अमेरिकी ट्रंप टैरिफ के खिलाफ सीटू ने लोगों को जागरूक करने के लिए बांटे पर्चे

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी हमीरपुर ने पार्टी के अखिल भारतीय आह्वान पर अमेरिकी ट्रंप टैरिफ के खिलाफ हमीरपुर बाजार में लोगों को जागरूक करने के लिए पर्चा बांटा और जिलाधीश के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा । उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के उत्पादों पर सबसे अधिक 50% टैरिफ लगाया है जो कि दुनिया में सबसे अधिक है । हमारे देश से अमेरिका के लिए कृषि उत्पाद, मछली, कपड़ा, हीरे, मध्यम छोटे, सूक्ष्म उद्योगों से पैदा होने बाली वस्तुएं निर्यात की जाती हैं इन वस्तुओं पर पचास प्रतिशत टैरिफ लगने से ये मंहगी हो जाएंगी और अमेरिका में नहीं बिकेगी जिससे हमारे उद्योगों पर नकारात्मक असर पड़ेगा और बड़ी संख्या में लोगों का रोजगार छिन जाएगा ।

साथ ही अमेरिका भारत की संप्रभुता पर भी हमला कर रहा है और हमारे व्यापार को अपने लाभ के लिए अपनी शर्तों पर करने के लिए दबाव बना रहा है । अमेरिका भारत को रूस से सस्ते तेल को खरीदने से रोक रहा है और अपने मँहगे तेल को खरीदने के लिए मजबूर कर रहा है इससे मंहगाई अनियंत्रित हो जाएगी ।

हैरान करने वाली बात है कि इतना कुछ होने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के खिलाफ मुँह तक नहीं खोल रहे हैं जबकि दुनिया के दूसरे देश अपने हितों और अपनी संप्रभुता के लिए अमेरिका की दादागिरी के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं । भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस रवैये से पूरी दुनिया में देश की साख गिर रही है । भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि देश के हितों की रक्षा करें और ट्रंप टैरिफ के खिलाफ कार्रवाई करें । आज के प्रदर्शन में पार्टी राज्य सचिवालय सदस्य डॉ कश्मीर ठाकुर, जिला सचिव प्रताप राणा, जोगिंदर कुमार,रंजन शर्मा, ब्रह्म दास, प्रताप सिंह, कमल,सुरेश, कपिल भारद्वाज, नरेश कुमार, सोहन सिंह आदि ने भाग लिया ।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh