बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चढ़ावे की गणना में गड़बड़ी, ट्रस्ट के दो कर्मचारी गिरफ्तार

धर्मपुर एक्सप्रेस। बड़सर 

उत्तरी भारत के विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ मंदिर दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे की गणना में गड़बड़ी करने के आरोप में पुलिस ने बाबा बालक नाथ ट्रस्ट के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से मंदिर न्यास में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक कनिष्ठ सहायक और एक लेखाकार शामिल है।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए पहले आरोपी की पहचान 55 वर्षीय केशव दत्त पुत्र ब्रह्म दास के रूप में हुई है। केशव दत्त गांव व डाकखाना चकमोह तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर का निवासी है और बाबा बालक नाथ ट्रस्ट में बतौर कनिष्ठ सहायक (गणना) तैनात है।
दूसरे आरोपी की पहचान 51 वर्षीय गुरचैन सिंह पुत्र गुरुदेव सिंह के तौर पर हुई है। गुरचैन सिंह गांव अपर देहला डाकखाना देहला उप-तहसील मैहतपुर, जिला ऊना का रहने वाला है और ट्रस्ट में लेखाकार के पद पर कार्यरत है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारियों पर चढ़ावे की गिनती के दौरान हेराफेरी और वित्तीय अनियमितताओं में संलिप्त होने का आरोप है। मंदिर अधिकारी संदीप चंदेल द्वारा पुलिस को दी गयी शिकायत में साफ तौर पर जिक्र किया है कि 29सितम्बर को श्रद्धालूयों द्वारा बाबा की सेवा में चढ़ाये गए चढ़ाबे की गणना के दौरान उपरोक्त दोनों कर्मचारियों ने अपने पद का दुरूपयोग कर राशी का गवन किया है जिसकी पुष्टि सी. सी. टी. वी. कैमरों की जाँच के बाद हो चुकी है। उन्होंने दोनों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही करने के लिए पुलिस को लिखा है।
मंदिर अधिकारी संदीप चंदेल की शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि बाबा बालक नाथ ट्रस्ट इस से पहले भी बकरा घोटाला, राशन घोटाला, रसीद घोटाला, सोना – चांदी घोटाला को लेकर सुर्खियों में रहा है लेकिन किसी पर भी कोई कठोर कार्यवाही न होने के चलते घोटाला करने बालों के दिन – प्रतिदिन होंसले बुलंद हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक ठाकुर भगत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गड़बड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं और यह कब से चल रहा था।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh