नरदेव सिंह कंवर ने पैरामोटर पायलट राहुल गढ़वाल को सम्मानित किया

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने आज यहां बोर्ड के मुख्यालय में हिमाचल प्रदेश के पहले लाईसेंस प्राप्त पैरामोटर पायलट राहुल गढ़वाल को विशेष रूप से सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राहुल ने हिमाचल का पहला पैरामोटर पायलट लाईसेंस प्राप्त करके इतिहास बना दिया है। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अभी तक परंपरागत तरीके से पहाड़ों से मैदान की ओर पैराग्लाइडिंग की जा रही है। लेकिन, राहुल गढ़वाल ने इससे अलग मैदान से उड़कर अपनी अलग पहचान बनाई है।

राहुल इटली की फ्लाईंग मशीन द्वारा ग्लाइडर के माध्यम से मैदान से ही फ्लाईंग करने में दक्ष हो चुके हैं और युवाओं के आकर्षण और प्रेरणा का स्त्रोत बने हैं। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि हिमाचल के युवाओं ने पैराग्लाइडिंग में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है अब पैराग्लाइडिंग के साथ ही पैरामोटरिंग में भी हिमाचल के युवा विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब होंगे।

नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने का जो सपना देखा है वो पूरा होने जा रहा है। जिला कांगड़ा जल्दी ही पर्यटकों के लिए एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा।

इस अवसर पर नादौन ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, नादौन ब्लॉक पंचायत समिति के सदस्य चौधरी धर्मपाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh