विश्व पर्यावरण दिवस पर “जागृति युवा मण्डल दलालड़” ने किया पौधारोपण

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

 

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर भोरंज विधानसभा के ” जागृति युवा मण्डल दलालड़” द्वारा आज एक प्रभावशाली पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज को हरियाली की दिशा में प्रेरित करना रहा।

 

इस अवसर पर असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) हिमाचल प्रदेश के प्रदेश चेयरमैन श्री राजीव राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने युवाओं को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश देते हुए कहा कि “प्रकृति से जुड़ना, अपने भविष्य से जुड़ना है। एक पौधा लगाना केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि एक पीढ़ी को जीवन देना है।”

उन्होंने पर्यावरणीय असंतुलन और जलवायु परिवर्तन की गंभीरता पर चिंता जताते हुए सभी से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान गांव के युवाओं, महिलाओं, बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों ने मिलकर छायादार, फलदार व औषधीय पौधे रोपे। स्थानीय जनभागीदारी ने इस आयोजन को सफल व प्रेरक रूप दिया।

जागृति युवा मण्डल दलालड़ के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि श्री राजीव राणा का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh