धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश आज बदहाली के कगार पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा दिवाला निकल चुका है, और हालात इतने खराब हो गए हैं कि कोई भी वर्ग सरकार की नीतियों से संतुष्ट नहीं है। ठेकेदार काम का भुगतान न मिलने से हताश हैं, उनके परिवार भूखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। कर्मचारी और पेंशनधारी भी एरियर का भुगतान न मिलने से त्रस्त हैं।
यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि 2022 तक हिमाचल प्रदेश पर जहां 65,000 करोड़ रुपये का कर्ज था, वहीं सुक्खू सरकार ने अपने दो साल छह महीने के कार्यकाल में ही 38,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज लेकर प्रदेश की माली हालत को रसातल में पहुंचा दिया है। अप्रैल माह में 900 करोड़ रुपये का कर्ज लेने के बाद अब 1300 करोड़ रुपये का और कर्ज उठाने की तैयारी हो रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता से किए वादों को डस्टबिन में फेंक दिया है। प्रदेश में लूट का माहौल है और सरकार अपने चहेते मित्रों पर पैसा लुटा रही है। राणा ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने अपने नजदीकी लोगों को प्रदेश को लूटने की खुली छूट दे रखी है, जिससे आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है।
पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली तो जनता का आक्रोश सड़कों पर फूटने से कोई नहीं रोक सकेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






