धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक(प्रभारी संचार) दीपक शर्मा ने लोकसभा एवं देश की विधानसभाओं में भाजपा की भूमिका की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे देश के लोकतंत्र के लिए घातक बताया है।उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संसद में न केवल विपक्ष की आवाज़ को कुचलने की कोशिश हो रही है बल्कि गुंडागर्दी का सहारा लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस नहस किया जा रहा है।जिस संविधान की शपथ लेकर जनप्रतिनिधि संसद या विधानसभाओं में पहुंचते हैं उस संविधान को भाजपा कुचलने का प्रयास कर रही है।
दीपक शर्मा ने कहा कि संसद में जिस तरह से भाजपा ने आंबेडकर जी का अपमान किया और कांग्रेस पार्टी ने घोर आपत्ति जता कर मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया उससे भाजपा ने मुद्दे को भटकाने के लिए गुंडागर्दी का सहारा लिया और अहिंसा के पुजारी राहुल गांधी को बदनाम करने की कोशिश की है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ झूठा केस दर्ज कर धक्केशाही करके भाजपा सरकार ने ओछी राजनीति की है। हम कड़ा विरोध करेंगे।उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि संसद से विधानसभा तक भाजपा षडयंत्र रच कर देश को गुमराह कर रही है। उत्तरप्रदेश,आसाम में विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी जाती है।हिमाचल में गैरजरूरी विषयों को उठा कर मुद्दों को भटकाने का काम किया जा रहा है।यह सब भाजपा सरकार के मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।
दीपक शर्मा ने कहा कि भाजपा देश में जनता की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा और उनके समाधान की चर्चा से भाग कर माहौल ख़राब कर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की आवाज है।सामाजिक न्याय का प्रतीक है। गांधीवादी सनातनी संस्कृति का वाहक है ऐसे में राहुल गांधी को रोकना भाजपा के बस में नहीं है।दीपक शर्मा ने कहा कि गांधीवादी अहिंसा की नीति को अंग्रेज नहीं रोक पाए ऐसे में भाजपा किस खेत की मूली है। सत्य को भाजपा का झूठ हरा नहीं सकता।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






