धर्मपुर एक्सप्रेस। जाहू
जिला के भोरंज थाना की जाहू पुलिस चौकी के अंतर्गत मंगलवार सुबह एक व्यक्ति के शव के बरामद किए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। भोरंज पुलिस और जाहू पुलिस चौकी कर्मचारी व्यक्ति की मौत की गुत्तथी सुलझाने में जुट गए हैं। मृतक की पहचान अमृत लाल( 45) पुत्र कांशी राम निवासी गांव व डाकघर धमरोल तहसील भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। मृतक अमृत लाल ट्रैक्टर चलता था और दिहाड़ी मजदूरी का कार्य भी करता था। मंगलवार तड़के जब कुछ स्थानीय लोग सैर के लिए घर से निकले थे तो इस दौरान सुलगवान चौक पर उनकी नजर शव पर पड़ी। इसके बाद घटनास्थल पर कई लोग एकत्रित होना शुरू हो गए और घटना की सूचना पुलिस चौकी जाहू को भी दी गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मौत की सूचना उसके परिजनों को दी गई और कुछ देर उपरांत उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए परंतु इस दौरान परिजनों द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम नहीं करवाने को लेकर माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया हालांकि इसके कुछ देर बाद पुलिस और अन्य लोगों के समझाने के बाद वे पोस्टमार्टम करवाने के लिए मान गए। कयास लगाए जा रहे हैं कि व्यक्ति की मौत सोमवार रात को ही हो चुकी थी हालांकि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट तौर पर खुलासा नहीं हो सका है। मृतक की मौत नशे के अधिक सेवन से हुई है या फिर ठंड की चपेट में आने से पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा। बता दें कि इससे पहले करीब अढाई हफ्ते पहले भी 27 सितम्बर को एक प्रवासी मजदूर द्वारा अन्य प्रवासी मजदूर की गला घोंट कर हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया गया था । इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्मया हुआ है।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही होगा खुलासा : एसपी
इसके बारे एस.पी. हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






