हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

लोकसभा आम चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए भरे गए नामांकन पत्रों को वापस लेने की अवधि शुक्रवार को समाप्त होने के साथ ही अब संसदीय क्षेत्र 3-हमीरपुर में 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। जबकि, विधानसभा क्षेत्र 37-सुजानपुर में 6 और विधानसभा क्षेत्र 39-बड़सर में 3 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमाएंगे।

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कुल 15 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे और जांच के दौरान ये सभी सही पाए गए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 3 कवरिंग कैंडीडेट्स स्वतः ही बाहर हो गए थे और शेष बचे 12 उम्मीदवारों में से किसी ने भी अपना नाम वापस नहीं लिया।

उधर, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 8 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें से एक निर्दलीय प्रत्याशी अनीता कुमारी ने वीरवार को ही अपना नाम वापस ले लिया था और एक अन्य निर्दलीय राजिंद्र सिंह वर्मा ने शुक्रवार को अपना नाम वापस लिया। अब यहां 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।

बड़सर विधानसभा क्षेत्र के लिए 3 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे थे और इनमें से किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया है।

 

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं जिला हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि नामांकन वापस लेने की अवधि समाप्त होने के बाद सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए गए हैं।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh