देश को मजबूत करने के लिए केंद्र में बनाएंगे मोदी सरकार : अनुराग ठाकुर 

धर्मपुर एक्सप्रेस। भोरंज

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर जी ने कहा कि यदि भारत को मजबूत करना है तो केंद्र में मोदी की सरकार बनाएंगे।

यह बात केंद्रीय मंत्री ने आज शनिवार को भारतीय जनता पार्टी भोरंज मंडल एस.सी. मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कही। अंबेडकर भवन धमरोल में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हम देश की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं एवं तीसरे पायदान की ओर बढ़ रहे हैं। कांग्रेस की सरकारों ने हमेशा भीमराव अंबेडकर जी का निरादर किया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही भीमराव अंबेडकर जी को भारत रत्न से सम्मानित किया। 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में बाबा साहब अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी गई। यह नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संविधान को कुचलने का काम अगर किसी ने किया है, तो इंदिरा गांधी ने किया जिन्होंने अपने शासनकाल में इमरजेंसी लगवाई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने 62 बार भारत के संविधान में संशोधन किया, जिसको भीमराव अंबेडकर जी लेकर आए थे। केंद्र की भाजपा सरकार की 10 साल की उपलब्धियां गिनाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि 70 साल से ऊपर के जितने भी बुजुर्ग हैं, उन सबको 5 लाख का मुफ्त इलाज मिलेगा। पिछले 5 सालों में लगभग 30 हजार किलोमीटर रेल लाइन बिछाई गई। नारी शक्ति वंदन बिल मोदी जी ने पास किया, जिसके तहत 33 प्रतिशत आरक्षण विधानसभा में महिलाओं को दिया गया। अनुराग ठाकुर नेकहा कि भोरंज विस क्षेत्र में फौजी भाइयों की बड़े लंबे समय से डिमांड थी कि ई.सी.एच. अस्पताल की ब्रांच खोली जाए, उसको स्वीकृत किया गया। इसके साथ ही भरेड़ी में एस.बी.आई. बैंक की शाखा की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि पहले भारत दूसरों पर निर्भर था, आज हम आत्मनिर्भर हैं। पार्टी हमेशा भारत को टुकड़ों में बांधना चाहती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है जो ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के नारे पर काम कर रही है। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल नगाड़ों की थाप पर गर्मजोशी के साथ स्वागत भी किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर, जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा, महामंत्री अजय रिन्टू, एस.सी. मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश सहगल, एस.सी. मोर्चा के प्रभारी राजीव, भागीरथ और पूर्व में रहे दोनों विधायक डॉक्टर अनिल धीमान, कमलेश कुमारी, महामंत्री विपिन अग्निहोत्री, अजय शर्मा और स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधि व स्थानीय जनता मौजूद रही।

स्थानीय लोगों ने थामा भाजपा का दामन

इस मौके पर स्थानीय लोगों एवं कुछ पंचायत प्रतिनिधियों ने भारतीय जनता पार्टी को विधिवत रूप से ज्वाइन किया। इनमें रेखा देवी प्रधान ग्राम पंचायत गरसाड़, सुनीता देवी महिला मंडल प्रधान, सिमरो देवी प्रधान महिला मंडल, मीरा देवी, रिटायर्ड पी.टी.आई. हरबंस लाल, बालकृष्ण ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। सभी लोगों को भारतीय जनता पार्टी का पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया गया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh