पत्रकार वार्ता कर बागी विधायकों पर खूब बरसे कुलदीप पठानिया

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष कुलदीप  पठानिया ने  प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में आने के लिए दान को जरिया बनाने वाले भाजपा में आए दो नेता बताएं कि दान करने के लिए उनकी संपत्ति का सोर्स क्या रहा है। क्या सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए ही दान करने की बारी आती है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमीरपुर में दोनों सीटों पर उपचुनाव मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का जो खेल हाल ही में हिमाचल की राजनीति में खेला गया है, उससे हर हिमाचली का विश्वास टूटा है। हिमाचल की संस्कृति में ऐसा वाक्या पहली बार हुआ है।

पठानिया ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि मुख्यमंत्री के नाम के साथ किसी निर्दलीय विधायक का नाम भी शिलान्यास या उद्घाटन पत्रिका पर लगा है और ऐसे लोग बोल रहे हैं कि मुख्यमंत्री से उन्हें समय नहीं मिलता था। मुख्यमंत्री उनके घर नाश्ता तक करते थे, लेकिन वह इसको भी भूल गए। गलती कहां पर हुई है, उन्हें अपने गिरेबान में झांकना होगा। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे। कोई भी विधायक मुख्यमंत्री के सहयोग के बिना काम नहीं कर सकता है, यह बात सही है, लेकिन क्या दोबारा यह लोग ऐसी गलती नहीं करेंगे। क्या इन्हें दोबारा मुख्यमंत्री से काम नहीं पड़ेगा।

पठानिया ने कहा कि सुजानपुर के पूर्व विधायक का कहना है कि वहां काम नहीं हुए हैं। वर्तमान में वहां जो काम चल रहे हैं, उन्हें कौन करवा रहा है। झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए हैं, वह पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए थे। इन्हें खुद नहीं पता कि इनका सही घर कहां पर है। घर बदलना इनकी आदत बन गई है। पठानिया ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ एक एमएलए की जरूरत है। उन्हें एक बॉल पर एक रन बनाना है, लेकिन दूसरे पक्ष वालों को एक बॉल पर 10 रन बनाने हैं, जो संभव नहीं है। एक बॉल पर छह रन बनाए जा सकते हैं, लेकिन 10 रन नहीं बनाए जा सकते।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh