धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के दो विद्यार्थियों ने संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित शैक्षिक भ्रमण में भाग लिया। इस भ्रमण में तकनीकी विवि के एमएससी भौतिक विज्ञान विभाग के अभय बरवाल और बीटेक की आकांक्षा शर्मा का चयन हुआ था। इसके अलावा पूरे देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कुल 26 विद्यार्थी शामिल थे। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के निमित्त यह आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष प्रो एम. जगदीश कुमार से संवाद, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद मुख्यालय, नए संसद भवन, राजघाट सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर भी चर्चा की।
इस कार्यक्रम में देश भर से युवाओं को गांधी और शास्त्री द्वारा अपनाए गए आदर्शों और मूल्यों का जश्न मनाने के लिए एक साथ लाया, जिसमें सादगी, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के महत्व पर जोर दिया गया। तकनीकी विवि के कुलपति प्रो शशि कुमार धीमान और अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो जयदेव ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और अन्य विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करने को कहा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






