ब्रेकिंग न्यूज़

गलोड़ में मुख्यमंत्री के दौरे एवं स्वास्थ्य जांच शिविर की तैयारियां जोरों पर

धर्मपुर एक्सप्रेस। नादौन

 मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गलोड़ के प्रस्तावित दौरे और वहां स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन के मद्देनजर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों की ओर से सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

 

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार, नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा, गलोड़ के तहसीलदार केशव सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे एवं स्वास्थ्य जांच शिविर की तैयारियों में लगे हुए हैं। मंगलवार को भी इन अधिकारियों ने स्वयं आयोजन स्थल पर जाकर विभिन्न प्रबंधों का जायजा लिया।

एसडीएम ने बताया कि नादौन उपमंडल में पहले भी कांगू और रैल में इसी तरह के कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन्हीं की तर्ज पर गलोड़ में भी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य जांच शिविर के शुभारंभ के साथ-साथ विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उदघाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर में जनरल मेडिसिन, ईएनटी, हड्डी रोग, नेत्र रोग, शल्य चिकित्सा, महिला रोग, बाल रोग, मानसिक रोग, दंत रोग, न्यूरो सर्जरी, हृदय रोग और कई अन्य रोगों के स्पेशलिस्ट एवं सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर लोगों का चेकअप करेंगे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज टांडा और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के स्पेशलिस्ट एवं सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इनके अलावा आयुर्वेद और होम्योपैथी के विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और कई अन्य टैस्टों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों को तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत शपथ भी दिलाएंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्षेत्रवासियों से इस स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh