धर्मपुर एक्सप्रेस। जाहू (भोरंज)
भोरंज विधानसभा क्षेत्र की जाहू पंचायत में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कामधेनु गौशाला में गौसेवा के साथ-साथ सियासी चर्चाओं का माहौल भी गर्मा गया। गौशाला में पहुंचे जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी ने गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और गौशाला की समस्याओं को सुनते ही मदद का भरोसा दे दिया। उन्होंने यहां तक ऐलान कर दिया कि गौशाला के लिए जरूरी सामान और गौऔषधि तैयार करने में जो भी खर्च आएगा, उसे वह अपनी जेब से वहन करेंगे।
गोपाष्टमी के अवसर पर गौशाला के प्रधान, उपप्रधान और प्रबंधन से जुड़े लोगों ने नरेश कुमार दर्जी को विशेष रूप से आमंत्रित किया था। इस दौरान गौशाला की बदहाल व्यवस्थाओं और जरूरतों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रबंधन ने बताया कि गौशाला को सुचारू रूप से चलाने और गौऔषधि तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री की जरूरत है। उनकी बात सुनते ही दर्जी ने स्पष्ट कहा कि पैसों की कमी के कारण गौसेवा का काम रुकना नहीं चाहिए। जो भी जरूरी सामान चाहिए, उसकी व्यवस्था करवाने में वह हरसंभव सहयोग करेंगे और खर्च अपनी जेब से देंगे।
कार्यक्रम के दौरान गौशाला प्रबंधन का दर्द भी खुलकर सामने आया। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आज तक न तो क्षेत्र के विधायक और न ही किसी अन्य नेता ने गौशाला पहुंचकर यहां की समस्याओं को जानने की कोशिश की। लोगों का कहना था कि चुनाव और राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान नेता जनता के बीच दिखाई देते हैं, लेकिन गौमाता की सेवा और गौशाला की जरूरतों के समय कोई सुध लेने नहीं पहुंचता।
ऐसे में गोपाष्टमी के दिन नरेश कुमार दर्जी का गौशाला पहुंचना और अपनी जेब से आर्थिक सहयोग देने का भरोसा देना चर्चा का विषय बन गया। गौशाला प्रबंधन ने कहा कि उन्हें ऐसे लोगों की जरूरत है जो केवल बातें न करें, बल्कि जरूरत के समय साथ खड़े भी हों।
नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि गौमाता की सेवा से बढ़कर कोई बड़ा पुण्य नहीं है। गौशालाओं को मजबूत करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कामधेनु गौशाला को जिस भी सामान या सहायता की आवश्यकता होगी, उसे पूरा करवाने के लिए वह अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गौसेवा के इस पुनीत कार्य में वह पीछे नहीं हटेंगे।
गोपाष्टमी के दिन जाहू की कामधेनु गौशाला में हुई इस मुलाकात ने एक बार फिर क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर चर्चा छेड़ दी है। अब सवाल यह है कि क्या अन्य जनप्रतिनिधि भी गौशाला की सुध लेंगे या फिर गौमाता की सेवा का जिम्मा कुछ चुनिंदा समाजसेवियों के भरोसे ही रहेगा?
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





