धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
समीरपुर में आज राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से उनके समीरपुर स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर ठाकुर और नादौन मण्डल के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार भी उपस्थित रहे। सिकंदर कुमार ने प्रो. धूमल को “मोदी युग में भारत का सशक्तिकरण” पुस्तक भी भेंट की।
इस दौरान सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल का राजनीतिक जीवन संगठन, सुशासन और जनसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास, भाजपा संगठन के विस्तार तथा आमजन के हितों की रक्षा में प्रो. धूमल का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके नेतृत्व में प्रदेश ने विकास और पारदर्शिता की नई दिशा प्राप्त की तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को मजबूत वैचारिक आधार मिला। सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रो. धूमल का अनुभव और मार्गदर्शन आज भी पार्टी के लिए ऊर्जा का स्रोत है।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार का शिष्टाचार भेंट एवं पुस्तक भेंट करने के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।
इसी क्रम में संगरोह पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान सुनील कुमार व उप प्रधान प्रीतम चंद ने अपने पंचायत सदस्यों और समर्थकों सहित प्रो. प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रो. धूमल ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा विश्वास जताया कि पंचायत की नई टीम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




