धर्मपुर एक्सप्रेस। भोंरज
सुरेश कुमार की मौजूदगी में उपमण्डल भोंरज के अंतर्गत गांव जाड़ में राजनीतिक हलचल उस समय तेज हो गई, जब भाजपा से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता रोशन लाल शर्मा ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके साथ क्षेत्र के कई ग्रामीणों और समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान जाहु वार्ड से जिला परिषद कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीवन दत्त शर्मा के समर्थन में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रोशन लाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक भाजपा में रहकर कार्य किया, लेकिन क्षेत्र के विकास को लेकर जो अपेक्षाएं थीं, वे पूरी नहीं हो सकीं। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 35 वर्षों से क्षेत्र में कई मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई थीं, जिन्हें वर्तमान विधायक सुरेश कुमार ने प्राथमिकता के आधार पर हल करने का कार्य किया है।
उन्होंने विशेष रूप से नई पंचायत दशमल के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे वर्तमान कांग्रेस सरकार और विधायक सुरेश कुमार ने पूरा कर जनता को बड़ी राहत दी है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में पेयजल समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी, लेकिन विधायक के प्रयासों से अब पानी की समस्या का भी समाधान हुआ है, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है।
रोशन लाल शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों और जनहित को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है और आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समान विकास उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी भोंरज विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े अनेक विकास कार्य किए जाएंगे।
जिला परिषद कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीवन दत्त शर्मा ने भी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का समर्थन कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों पर विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर विश्वास जताया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रोशन लाल शर्मा जैसे पुराने भाजपा कार्यकर्ता का कांग्रेस में शामिल होना आगामी पंचायत एवं जिला परिषद राजनीति में महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




