धर्मपुर एक्सप्रेस। बड़सर
पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने हमीरपुर भाजपा जिला अध्यक्ष को लिखा पत्र, बोले जिस भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने पार्टी के खिलाफ उतारे थे 4 बागी उस पर आज तक क्यों नहीं हुई कोई अनुशासनात्मक कार्यवाही, साल दर साल करते रहे पार्टी में उसकी प्रमोशन
गुरुवार को जिला मुख्यालय पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पत्रकार वार्ता की । इस पत्रकार वार्ता में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ अपनी ही पार्टी के बागी बनाकर चुनाव लड़ने वाले लोगों को लेकर पूछे गए सवालों में जिला अध्यक्ष ने कहा कि बड़सर इलाके में जिला परिषद के दादडू वार्ड से पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ जो मंडल सचिव चुनाव लड़ रही है । वह पूरी तरह से अनुशासनहीनता है और इसका मामला अनुशासन कमेटी को भेजा गया है। इसके अलावा बड़सर के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा पर भी पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ दुष्प्रचार करने और कांग्रेस के साथ साठ गांठ करने के आरोप लग रहे हैं। और इन मामलों को भी अनुशासन कमेटी के पास भेजा गया है। इसके जवाब में पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने जिला अध्यक्ष को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने जिन बातों का जिक्र किया है। उसमें उन्होंने कहा है कि भाजपा जिला अध्यक्ष भाई राकेश ठाकुर जी नमस्कार
वर्ष 2021 में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिला परिषद के चार अधिकृत उम्मीदवार पार्टी द्वारा घोषित किए गए थे। किंतु उस समय भारतीय जनता पार्टी के एक प्रदेश प्रवक्ता ने अपने चार अलग उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतार दिए। इतना ही नहीं उन उम्मीदवारों के समर्थन में शीर्ष नेताओं के साथ तस्वीरें लगाकर पोस्टर एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से खुले तौर पर वोट भी मांगे गए। प्रवक्ता की “संगठन निष्ठा” इतनी अद्भुत थी कि चारों प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह भी एक जैसे “किताब” ही रखवाए गए, ताकि भ्रम की स्थिति और अधिक मजबूत हो सके। दुर्भाग्यवश आज तक उस मामले में संबंधित प्रवक्ता के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत समय-समय पर उनकी पदोन्नति ही होती रही। यह विषय पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्पित समर्थकों के बीच लगातार चर्चा और असंतोष का कारण बना हुआ है।
मैंने इस विषय की शिकायत दिल्ली, राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के शीर्ष नेताओं तक भी पहुंचाई थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा प्रदेश के कुछ शीर्ष नेता लगातार उस प्रवक्ता की पदोन्नति करते रहे।
मुझे पूर्ण उम्मीद है कि आप इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई अमल में लाने का कार्य करेंगे तथा इसे पार्टी हाईकमान एवं शीर्ष नेतृत्व तक प्रभावी रूप से पहुंचाएंगे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




