धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत टपरे के नोहगी गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब देश की सेवा करने वाले 26 वर्षीय जवान अभिषेक कुमार के निधन की सूचना मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक कुमार पिछले कुछ दिनों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और दिल्ली के आरआर अस्पताल में उपचाराधीन थे। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
जवान अभिषेक कुमार के निधन की खबर मिलते ही पूरे नोहगी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अभिषेक बेहद मिलनसार और देशभक्त नौजवान था।
पार्थिव देह रविवार को पैतृक गांव पहुंची जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद अभिषेक कुमार अपने पीछे माता-पिता, दो बहने और पत्नी को छोड़ गए। 2 साल पहले ही उनका विवाह हुआ था।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




