हमीरपुर में नीट के 2773 उम्मीदवारों के लिए 5 परीक्षा केंद्र

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार 3 मई को आयोजित की जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट (यूजी)-2026 के लिए हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के शिक्षण संस्थानों में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ये परीक्षा केंद्र कुल 2773 उम्मीदवारों को आवंटित किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय मटाहणी में 408 उम्मीदवारों, एनआईटी में 720, नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय अणु में 960, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में 181 और शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकंडरी स्कूल हमीरपुर में 504 उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र होगा।

इस महत्वपूर्ण परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए एनटीए के अलावा जिला प्रशासन की ओर से भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

जिला हमीरपुर के परीक्षा केंद्रों के समन्वयक एवं उपायुक्त हमीरपुर के सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने बताया कि हमीरपुर शहर से दूर के परीक्षा केंद्रों जैसे-एनआईटी, एचपीटीयू, डिग्री कालेज और केंद्रीय विद्यालय के लिए बस स्टैंड पर सुबह 9 बजे से एचआरटीसी की बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। परीक्षा की समाप्ति पर शाम 5 बजे इन केंद्रों पर भी एचआरटीसी की बसें उपलब्ध रहेंगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh