धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
कांगड़ा में हुई 10 दिवसीय कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की कार्यशाला में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष हिमाचल के बागवानी संकट, भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के नुकसान का मुद्दा उठाया।विधायक कुलदीप राठौर ने राहुल गांधी को बताया कि FTA में न्यूजीलैंड से सेब पर आयात शुल्क 50% से घटाकर 25% कर दिया गया है जिससे हिमाचल सहित उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के बागवानों को भारी नुक़सान होगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने कहा कि 30 अप्रैल को राहुल गांधी के साथ चार घंटे चर्चा हुई। हिमाचल के बागवानी का मुद्दा उठाया गया। राहुल गांधी को बागवानों की चिंता से अवगत कराया गया है ताकि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को उठा सके। बागवानों का प्रतिनिधिमंडल जल्द दिल्ली में राहुल गांधी से मिलेगा।यह मुद्दा देश के सभी बागवानों का मुद्दा है। BJP का रवैया इसमें नकारात्मक है। प्रदेश के सांसदों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और न ही केंद्र के समक्ष उठाया जिसका नुक्सान हिमाचल के बागवानों को होगा।
वहीं कुलदीप सिंह राठौर ने कमर्शियल सिलेंडर के दामों में की गई एक हजार रुपये तक की वृद्धि को जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला निर्णय करार दिया और कहा कि इससे खाने-पीने की चीजें महंगी होंगी और मार घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगी। आने वाले समय में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर भी मंहगा होगा।
वहीं कुलदीप सिंह राठौर ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से बागवानों को भारी नुकसान को लेकर सरकार से तुरंत आंकलन कर नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।मौसम की मार से किसान-बागवान चिंतित है ऐसे में किसान-बागवानों ने जो लोन लिए हैं, उसकी अदायगी पर रोक लगाई जाने का आग्रह किया है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh



