धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
हिमाचल प्रदेश शहरी निकाय चुनाव के बाद अब राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं के लिए चुनावी शंखनाद कर दिया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा जारी विस्तृत कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान करवाया जाएगा। इस चुनाव के माध्यम से कुल 31,182 पदों पर प्रतिनिधियों का चयन होगा।इस बार के चुनाव में महिलाओं का दबदबा देखने को मिल रहा है। कुल 31,182 पदों में से 15,656 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।
चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि29 अप्रैल 2026 को चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी।इसके साथ ही 07, 08 और 11 मई को उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।12 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी (Scrutiny) होगी।14 और 15 मई: नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
अनिल खाची ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से तीन चरणों मे मतदान होंगे।
.पहला चरण: 26 मई 2026
.दूसरा चरण: 28 मई 2026
.तीसरा चरण: 30 मई 2026
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्यों के नतीजों का ऐलान मतदान के तुरंत बाद पंचायत मुख्यालय पर ही कर दिया जाएगा। जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के वोटों की गिनती 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे से ब्लॉक मुख्यालयों पर शुरू होगी।
सबसे ऊँचा बूथ लाहौल-स्पीति के काजा खंड की ग्राम पंचायत लाँगजा का ‘कौमिक’ मतदान केंद्र 4587 मीटर की ऊंचाई पर स्थित प्रदेश का सबसे ऊंचा पोलिंग स्टेशन होगा।
उन्होंने कहा कि मतदान के लिए पहचान पत्र के तौर पर यदि आपके पास फोटो पहचान पत्र (EPIC) नहीं है, तो आयोग ने आधार कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड सहित 16 अन्य दस्तावेजों को पहचान के तौर पर मान्यता दी है।
इसके साथ ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई है।राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





