धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी के निर्देशानुसार माँ जानकी नर्सिंग कॉलेज हमीरपुर में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा पटियाल द्वारा की गई।
इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ अपने भाषण के माध्यम से प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता में भावना को प्रथम, अक्षिता को द्वितीय तथा ज्योति को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा पटियाल ने स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रशिक्षित चिकित्सक, सही जानकारी तथा समय पर चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्वस्थ जीवनशैली और खराब खानपान की आदतों के कारण मधुमेह, हृदय रोग तथा उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियाँ विश्व स्तर पर तेजी से बढ़ रही हैं।
इस अवसर पर बीसीसी कोऑर्डिनेटर श्रीमती सुलोचना ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपनी दैनिक दिनचर्या की शुरुआत सही तरीके से करनी चाहिए। सुबह जल्दी उठना, स्नान के बाद योग एवं व्यायाम करना, स्वच्छ वस्त्र पहनना तथा पौष्टिक भोजन करना आवश्यक है। साथ ही जंक फूड और फास्ट फूड से परहेज करना चाहिए। इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल किरण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






