युवाओं को नशे और अन्य बुराइयों से बचाती हैं खेलें : नरेश ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

हिमाचल प्रदेश राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने कहा है कि युवाओं को नशे और अन्य बुराइयों से बचाने के लिए खेलों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। ये खेलें हमारी युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचा सकती हैं।

सोमवार को यहां गांधी चौक में आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दोपहर बाद के मुकाबलों में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नरेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने खेलकूद प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने के लिए बजट में विशेष रूप से 12 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके अलावा प्रदेश में खेलों के लिए आधुनिक इनफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़े निर्णय लिए हैं। इसका उदाहरण नादौन में लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम है। इस इंडोर स्टेडियम में बॉक्सिंग सहित कुल 17 खेलों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए प्रदेश एवं जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली बॉक्सरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिला है। इससे अन्य युवा भी बॉक्सिंग और अन्य खेलों की ओर आकर्षित हांेगे।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण ठाकुर, महासचिव सुरेंद्र शेट्टी, जिला महासचिव अनिल मनकोटिया, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. चंदन राणा, बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh