चंबी खेल मैदान को सिंथेटिक ट्रैक से विकसित करने की मांग को लेकर अरविंद सिंह चौधरी ने शुरू की पहल

धर्मपुर एक्सप्रेस। कांगड़ा

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अरविंद सिंह चौधरी ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चंबी खेल मैदान को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सिंथेटिक ट्रैक सहित विकसित करने की मांग को लेकर एक जनहित मुहिम शुरू की है।

अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का चंबी खेल मैदान लंबे समय से क्षेत्र के युवाओं की खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में युवा यहां दौड़ और शारीरिक अभ्यास करते हैं तथा भारतीय सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे रहते हैं। लेकिन मैदान में आधुनिक खेल सुविधाओं और सिंथेटिक ट्रैक के अभाव के कारण युवाओं को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यदि चंबी खेल मैदान को सिंथेटिक ट्रैक सहित विकसित किया जाता है तो इससे क्षेत्र के हजारों युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा और वे अपनी प्रतिभा को निखारकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे। साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और वे सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होंगे।

अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल मैदान केवल अभ्यास का स्थान नहीं होता, बल्कि यह अनुशासन, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करता है।

उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों से आग्रह किया है कि चंबी खेल मैदान को प्राथमिकता के आधार पर सिंथेटिक ट्रैक और अन्य आधुनिक खेल सुविधाओं से विकसित किया जाए, ताकि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा प्राप्त हो सके।

अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि इस जनहित के मुद्दे को लेकर वे लगातार प्रयास करते रहेंगे और युवाओं के हित में हर संभव कदम उठाएंगे। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, खेल प्रेमियों और समाज के सभी वर्गों से भी इस मुहिम में सहयोग देने की अपील की है।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh