शिलाई  में सैकड़ों वृक्षों की कटाई के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हमीरपुर इकाई द्वारा आज पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने वृक्षों को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश समाज तक पहुँचाया।

यह कार्यक्रम विशेष रूप से जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में हुए सैकड़ों वृक्षों के अवैध कटान के विरोध में आयोजित किया गया। एबीवीपी ने इस घटना को न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताया, बल्कि प्रशासन और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर भी कड़ा सवाल खड़ा किया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ओर सरकार पर्यावरण संरक्षण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि जमीनी स्तर पर न तो निगरानी हो रही है और न ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई।

एबीवीपी हमीरपुर इकाई ने प्रशासन और प्रदेश सरकार का घेराव करते हुए निम्न मांगें रखीं—

शिलाई में हुए वृक्ष कटान की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए

दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो

भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जाए

क्षेत्र में पुनः वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि “वृक्ष केवल लकड़ी नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। यदि आज हम नहीं जागे, तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी।”

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करते रहेंगे। इस मौके पर इकाई अध्यक्ष दीक्षित इकाई मंत्री सूर्यांश विभाग कार्यालय मंत्री हर्ष चौहान, मनीषा दीपांशु सहित दर्जनों विद्यार्थी रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh