मुख्यमंत्री के साहसिक निर्णय का स्वागत, प्रदेश हित को सर्वोपरि रखने का उदाहरण: कटोच 

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण और साहसिक निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी को दिए गए कैबिनेट रैंक को वापस लेने के साथ-साथ वेतन, भत्तों और मानदेय में 20 प्रतिशत की कटौती लागू कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इस निर्णय का प्रदेशभर में स्वागत किया जा रहा है और इसे जनहित तथा वित्तीय अनुशासन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

 

इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता विवेक कटोच ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जब प्रदेश आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है, तब इस प्रकार का निर्णय लेना न केवल दूरदर्शिता का परिचायक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सरकार जनता के पैसे की कद्र करती है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश हित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसा साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय केवल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ही ले सकते हैं।”

 

विवेक कटोच ने आगे कहा कि यह निर्णय उन लोगों के लिए भी एक संदेश है जो राजनीति को केवल सुविधाओं और लाभ का माध्यम मानते हैं। सुक्खू सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता जनता की भलाई, विकास कार्यों की गति और वित्तीय संतुलन को दी जाएगी, न कि अनावश्यक खर्चों को।

 

उन्होंने कहा कि कैबिनेट रैंक जैसी सुविधाओं को वापस लेना और साथ ही वेतन-भत्तों में कटौती करना एक ऐसा कदम है, जो न केवल सरकारी खर्च को नियंत्रित करेगा बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी एक मिसाल बनेगा। इससे बचाई गई राशि को विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण योजनाओं में लगाया जा सकेगा, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

 

विवेक कटोच ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय यह साबित करता है कि सुक्खू सरकार दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत के आधार पर निर्णय लेने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ऐसे फैसलों की सराहना करती है और सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री का पुनः धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाले समय में प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा और हिमाचल प्रदेश को एक नई दिशा देने का कार्य करेगा।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh