धर्मपुर एक्सप्रेस। नादौन
ग्राम पंचायत पनसाई के गांव छोटा बल्ह में मुख्य बस्ती से काफी दूर बने एक नए मकान में बिजली और पानी के कनेक्शन के संबंध में चल रहे विवाद के समाधान के लिए शुक्रवार को जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड, लोक निर्माण और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने गांववासियों के साथ मध्यस्थता बैठक की।
इस अवसर पर अधिकारियों ने गांववासियों को बताया कि वीना देवी के नए मकान के लिए पेयजल की पाइप लाइन और विद्युत लाइन बिछाने के लिए संबंधित जमीन मालिकों के अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जरूरी हैं। जमीन के मालिकों से एनओसी मिलने के बाद ही लाइनों का कार्य शुरू किया जा सकता है। मौके पर उपस्थित कुछ जमीन मालिकों ने अधिकारियों के आग्रह पर एनओसी देने के लिए हामी भर दी। इन लोगों ने एनओसी देने के लिए अपने हस्ताक्षर भी कर दिए हैं।
इस दौरान विद्युत उपमंडल धनेटा के सहायक अभियंता सुशील कुमार, कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार, लोक निर्माण विभाग के धर्म सिंह, जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार, फिटर सुरेंद्र कुमार, कानूनगो मदन लाल, पटवारी निधि, पनसाई के प्रधान दिनेश कुमार और अन्य गणमान्य लोगों ने गांववासियों को एनओसी देने के लिए सहमत करवाया।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि इस संयुक्त बैठक में कई जमीन मालिक उपस्थित नहीं हुए। बिजली-पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाली महिला वीना देवी से इन लोगों से संपर्क करने तथा इनकी एनओसी भी संबंधित विभागों को सौंपने का आग्रह किया गया है। सभी लोगों की एनओसी मिलते ही बिजली-पानी के कनेक्शन जारी करने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






