नादौन की जनता को गुमराह करने की कोशिश नाकाम: बस सेवा चालू, स्कूलों पर झूठ का गुब्बारा फूटा

धर्मपुर एक्सप्रेस। नादौन 

 

नादौन विधानसभा क्षेत्र में बस सेवा और स्कूलों को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रम पर आरटीए सदस्य विवेक कटोच ने खंडन किया है। उन्होंने पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री पर आरोप लगाया कि वे क्षेत्र की जनता को झूठ और भ्रामक प्रचार के आधार पर गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

विवेक कटोच ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सनाही गांव जाने वाली जिस बस सेवा को बंद करने का आरोप पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री द्वारा लगाया जा रहा है, वह बस पूरी तरह से सुचारु रूप से अभी भी चल रही है। “न तो यह बस सेवा बंद की गई है और न ही भविष्य में इसे बंद करने की कोई योजना है। जनता को डराने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए झूठा प्रचार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जसकोट में प्रस्तावित हेलीपोर्ट निर्माण कार्य के लिए पहाड़ी की कटाई की जा रही है। इसी कारण सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित मार्ग को 26 फरवरी तक आंशिक रूप से बंद किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अस्थायी व्यवस्था है और निर्माण कार्य पूरा होते ही मार्ग सामान्य रूप से खोल दिया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित बस सेवा सनाही के लिए नियमित रूप से अभी भी संचालित हो रही है और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जा रही है।

 

स्कूलों को बंद किए जाने के विजय अग्निहोत्री के आरोपों पर भी विवेक कटोच ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई राष्ट्रीय शिक्षा पॉलिसी 2020 (NEP-2020) के अंतर्गत बालकों और बालिकाओं के विद्यालयों को अलग-अलग संचालित करने का कोई विशेष प्रावधान नहीं है। कटोच ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी किसी भी स्कूल को बंद नहीं कर रही है। “केवल प्रशासनिक दक्षता और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए कुछ स्कूलों का मर्ज किया जा रहा है। इसे ‘स्कूल बंद करना’ बताना पूरी तरह से भ्रामक और राजनीतिक बयानबाज़ी है।

 

विवेक कटोच ने कहा कि विकास कार्यों में बाधा डालने और जनता के बीच भ्रम फैलाने की राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलेगी। उन्होंने नादौन की जनता से अपील की कि वे तथ्यों की जांच करें और अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में सड़क, परिवहन और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार निरंतर कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार की जनविरोधी नीति लागू नहीं की जा रही है। सनाही के लिए बस सेवा पूरी तरह चालू है, स्कूल बंद नहीं किए जा रहे हैं, और जसकोट हेलीपोर्ट निर्माण के कारण मार्ग की अस्थायी बंद को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh