धनेटा के गर्ल्स हाई स्कूल को मर्ज करने का विरोध, छात्रों और अभिभावकों ने सौंपा ज्ञापन

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

हमीरपुर के धनेटा स्थित राजकीय कन्या उच्च विद्यालय को मर्ज करते हुए प्रस्तावित को-एजुकेशन (सह-शिक्षा) व्यवस्था के खिलाफ अभिभावकों ने मोर्चा खोल दिया है। करीब 65 छात्राओं के अभिभावकों ने इस संबंध में लिखित ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया है कि वे विद्यालय को मर्ज करते हुए सह-शिक्षा लागू किए जाने के पक्ष में नहीं हैं।

 

अभिभावकों ने ज्ञापन में कहा है कि यह विद्यालय लंबे समय से केवल छात्राओं के लिए संचालित हो रहा है और यहां की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन व वातावरण बेटियों की पढ़ाई के अनुकूल है। ऐसे में स्कूल को मर्ज करते हुए को-एजुकेशन लागू करने से छात्राओं के अभिभावकों की चिंताएं बढ़ी हैं।

 

उन्होंने मांग की है कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय की वर्तमान व्यवस्था को यथावत रखा जाए। अभिभावकों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि स्कूल की मान्यता और संबद्धता पहले से निर्धारित नियमों के तहत है। यदि विद्यालय की संरचना में बदलाव किया जाता है, तो इससे प्रशासनिक व शैक्षणिक स्तर पर कई दिक्कतें आ सकती हैं।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh