धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
प्रदेश प्रवक्ता भारतीय जनता पार्टी (युवा मोर्चा) मंदीप चंदेल ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस वीवी राम जी के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार की राजनीति करने वाली कांग्रेस यह भूल चुकी है कि प्रदेश की जनता अब पूरी तरह जागरूक है और विकास व छलावे के बीच का फर्क साफ़ समझती है।
मंदीप चंदेल ने कहा कि मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) एक मजदूरी आधारित योजना थी, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों को वर्ष में 100 दिन का अस्थायी रोजगार दिया जाता था। तालाब निर्माण, जल संरक्षण और सड़क मरम्मत जैसे कार्यों से केवल अल्पकालिक राहत मिलती थी, न कि गांवों का स्थायी और समग्र विकास।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इसके विपरीत वीवी राम जी गांवों के समग्र, सतत और आत्मनिर्भर विकास की स्पष्ट सोच के साथ लागू की गई दूरदर्शी पहल है। यह योजना केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता, पेयजल सुविधाओं, डिजिटल कनेक्टिविटी, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का ठोस रोडमैप प्रस्तुत करती है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जहां मनरेगा के तहत रोजगार की सीमा 100 दिन थी, वहीं वीवी राम जी के अंतर्गत रोजगार के अवसर 125 दिन तक बढ़ाए गए हैं। इस योजना का लक्ष्य केवल राहत नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। यही कारण है कि कांग्रेस इस योजना से बौखलाई हुई है और इसके खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है।
मंदीप चंदेल ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनावों को देखते हुए, Supreme Court of India के फैसले के बाद कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर वीवी राम जी को लेकर प्रदेशभर में भ्रम फैलाने का अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनावों को सत्ता का “सेमीफाइनल” मानकर घबरा चुकी है और इसी हताशा में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश को विकास की राह पर ले जाने के बजाय कर्ज, आर्थिक बदहाली और प्रशासनिक अव्यवस्था के “गड्ढे” में धकेल दिया है। आज स्थिति यह है कि सरकार के पास वेतन और पेंशन तक देने के लिए धन नहीं है, लेकिन जनता को विकास के खोखले दावे परोसे जा रहे हैं।
अंत में प्रदेश प्रवक्ता मंदीप चंदेल ने स्पष्ट कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस की भ्रम की राजनीति पूरी तरह बेनकाब होगी। प्रदेश की जनता अब तय कर चुकी है कि उसे झूठ और दिखावे की नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता की राजनीति चाहिए। आने वाले पंचायत चुनावों में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अपना स्पष्ट, निर्णायक और मजबूत फैसला सुनाएगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






