स्वीट सिस्टर्स स्वयं सहायता समूह ने बढ़ाया स्वावलंबन की ओर कदम, पत्तल-डूना मशीन से मिली स्वरोजगार को नई उड़ान

धर्मपुर एक्सप्रेस। धर्मपुर 

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला मंडी के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। स्थानीय स्वयं सहायता समूह “स्वीट सिस्टर्स” को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के विशेष सहयोग से स्वावलंबन की नई राह मिली है।

 

समूह की सदस्यों ने बताया कि उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए सांसद महोदय से सहयोग का आग्रह किया था। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने उनकी मांग पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मशीनरी की व्यवस्था करवाई।

 

स्वीट सिस्टर्स स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने अधिक जानकारी देते हुए बताया की सांसद महोदय के प्रयासों से ग्राम रोपड़ी बागफल, गद्दीधार (तहसील धर्मपुर) के हमारे समूह को पत्तल और डूना बनाने की मशीन व आवश्यक कच्चा माल निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को घर के नजदीक ही आजीविका के साधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

 

“हमें खुशी है कि सांसद महोदय ने हमारे आग्रह को सहर्ष स्वीकार किया। इस मशीन के माध्यम से अब हम स्वयं पत्तल और डूने बनाकर बाजार में बेच सकेंगे, जिससे हमारी आय बढ़ेगी। हमें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम अनुराग सिंह ठाकुर का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।” — सदस्य, स्वीट सिस्टर्स स्वयं सहायता समूह

समूह की सदस्यों ने बताया की यह पहल न केवल ‘स्वीट सिस्टर्स’ समूह के लिए आय का जरिया बनेगी, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित होगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh