धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
भारतीय जनता युवा मोर्चा, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई “विकसित भारत – राम जी योजना” को ग्रामीण भारत के आर्थिक सशक्तिकरण, पारदर्शी शासन और मज़दूर हितों की रक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि विकसित भारत – राम जी योजना का निर्माण वर्ष 2024–25 के दौरान ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोज़गार व्यवस्था को अधिक मजबूत, भरोसेमंद और प्रभावी बनाना है। इसी क्रम में पूर्व की मनरेगा योजना को नया स्वरूप देते हुए अधिक जनहितकारी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि जहाँ पहले मनरेगा के तहत ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों का रोज़गार मिलता था, वहीं अब राम जी योजना के अंतर्गत 125 दिनों का सुनिश्चित रोज़गार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण युवाओं, श्रमिकों और गरीब परिवारों की आय में वृद्धि होगी और गांव से शहर की ओर होने वाले पलायन पर रोक लगेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में मनरेगा में फर्जी हाज़िरी और कागज़ी कार्य जैसी समस्याएँ सामने आती रही थीं, लेकिन राम जी योजना में बायोमेट्रिक उपस्थिति और जियो-टैगिंग प्रणाली लागू किए जाने से पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा।
डॉ. सनी शुक्ला ने यह भी कहा कि अब मज़दूरों को अपनी मेहनत की मज़दूरी के लिए लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा। कार्य करने के 7 से 15 दिनों के भीतर दिहाड़ी सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे उन्हें समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत – राम जी योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को ज़मीनी स्तर पर साकार करने वाली योजना है। भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश भर में इस योजना को जन-जन तक पहुँचाने और लोगों को इसके लाभों से अवगत कराने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






