आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सिखाई बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग की प्रक्रिया

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ विषय पर यहां आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

दूसरे दिन के प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने की। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनील कुमार, खंड समन्वयक अक्षय महाजन, पर्यवेक्षक रवि कुमार, सुनील नड्डा, वृत्त पर्यवेक्षक आशा रानी, सरोज देवी, अंजना शर्मा, कुंता राणा तथा सुनीता धीमान भी उपस्थित रहीं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्वयं ग्रोथ मॉनिटरिंग करके दिखाते हुए बच्चों की लंबाई एवं वजन मापने की सही प्रक्रिया, ग्रोथ चार्ट की प्रविष्टि तथा अनीमिया से ग्रस्त बच्चों की पहचान और उनमें सुधार के उपायों को व्यावहारिक रूप से समझाया।

इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के मुख्य विषय ‘नवचेतना एवं आधारशिला’ के अंतर्गत बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर विशेष जोर देते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जागरूक किया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान भी किया गया।

प्रशिक्षण में पोषण ट्रैकर ऐप के उपयोग पर भी चर्चा की गई, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आने वाली तकनीकी समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में जानकारी दी गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 100 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं भाग ले रही हैं। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को आंगनवाड़ी केंद्रों पर नियमित रूप से लागू कर बच्चों के पोषण एवं विकास को सुदृढ़ बनाएं।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh