बराड़ा के सपनेहड़ा में दराट से हमला, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

हमीरपुर जिला के भोरंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत बराड़ा, गांव सपनेड़ा, तहसील टौणी देवी निवासी कुलबीर सिंह (पुत्र भाग सिंह)—जो दरबयार स्कूल में सुप्रिडेंट के पद पर कार्यरत हैं—पर उसी गांव के देवराज (पुत्र गंगाराम) ने देर रात दराट से जानलेवा हमला कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी देवराज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, और इसी मानसिक अस्थिरता के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हमले में कुलबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों व ग्रामीणों की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल, हमीरपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी देवराज को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और मामले को क्राइम एंगल से देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, जिसमें आरोपी की मानसिक स्थिति की चिकित्सकीय पुष्टि भी शामिल है।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट, आरोपी से पूछताछ, और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में घटना के बाद से दहशत और चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।

वही पीड़ित का परिवार न्याय की गुहार लगाने के लिए एसपी कार्यालय पहुंचा। उन्होंने एसपी हमीरपुर से मुलाकात कर हमलावर पर सख्त कार्यवाही करने की गुहार लगाई है।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh