धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने कांगड़ा जिला प्रवास के दौरान “वन बूथ–टेन यूथ” अभियान को संगठनात्मक दृष्टि से एक क्रांतिकारी और ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह अभियान प्रदेश भर में युवाओं को संगठित कर भारतीय जनता पार्टी की नींव को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करेगा।
डॉ. सनी शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में कुल 7800 बूथ हैं, जिनमें से अब तक 6000 बूथों पर प्रत्येक बूथ पर 10 युवाओं की सशक्त और सक्रिय टीम का गठन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूरी गति से जारी है और 30 तारीख तक प्रदेश के सभी 7800 बूथों पर 10-10 युवाओं की टीम गठित कर ली जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनवरी माह से ही हर बूथ पर खड़ी यह युवा शक्ति भारतीय जनता पार्टी के लिए संगठनात्मक रीढ़ के रूप में कार्य करेगी। बूथ स्तर पर तैयार की गई यह टीम न केवल पार्टी की विचारधारा को मजबूत करेगी, बल्कि जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर संगठन का विस्तार भी करेगी।
डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि “वन बूथ–टेन यूथ” अभियान का उद्देश्य केवल संगठन बनाना नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रवाद और सेवा भावना से ओत-प्रोत युवा नेतृत्व तैयार करना है। ये युवा कार्यकर्ता हर समय सक्रिय रहते हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों, सामाजिक कार्यों और जनसंपर्क अभियानों में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए स्वरोज़गार योजनाओं को हर घर तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। इसके लिए गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक किया जाएगा और स्थानीय स्तर पर अन्य संगठनों व ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेगा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बनेंगे और संगठन को लगातार ऊर्जा प्रदान करेंगे।
डॉ. सनी शुक्ला ने विश्वास व्यक्त किया कि “वन बूथ–टेन यूथ” अभियान के सफल क्रियान्वयन से हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आने वाले समय में युवा शक्ति पार्टी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






