धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अरविंद चौधरी ने प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज प्रदेश एक गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। बिगड़ती कानून व्यवस्था, तेज़ी से बढ़ती बेरोज़गारी और युवाओं में फैलता नशा समाज की जड़ों को लगातार खोखला कर रहा है। इस हालात ने आम नागरिकों से लेकर युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और व्यापारियों तक, हर वर्ग के सामने असुरक्षा और अनिश्चितता का माहौल खड़ा कर दिया है।
अरविंद चौधरी ने कहा कि नशे का ज़हर अब कुछ सीमित इलाकों तक सिमटा नहीं रह गया है, बल्कि गाँव–गाँव, कस्बों और शहरों की गलियों तक पहुँच चुका है। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि स्कूल–कॉलेज के छात्र भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों से यह साफ़ होता है कि नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं, जबकि शासन–प्रशासन की ढीली कार्यप्रणाली के चलते इस पूरे नेटवर्क पर अब तक कोई निर्णायक प्रहार नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर, प्रदेश का शिक्षित युवा गहरे रोजगार संकट से जूझ रहा है। डिग्री और डिप्लोमा हाथ में लिए युवा वर्षों तक रोजगार कार्यालयों और भर्ती विज्ञापनों की प्रतीक्षा करते रह जाते हैं। इससे निराशा, अवसाद और पलायन की प्रवृत्ति बढ़ रही है। यही बेरोज़गारी कई बार युवाओं को गलत राह, अपराध और नशे की दुनिया की ओर धकेल देती है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए अत्यंत गंभीर खतरा है।
अरविंद चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने रोजगार, नशामुक्त समाज और सशक्त कानून व्यवस्था के नाम पर बड़े–बड़े वादे तो किए, लेकिन ज़मीनी स्तर पर न तो व्यापक रोजगार के अवसर पैदा किए गए और न ही नशा माफिया व अपराध जगत के खिलाफ सख्त, समयबद्ध और परिणाम देने वाली कार्रवाई की गई। जब तक नीति और नीयत—दोनों स्तर पर ईमानदारी नहीं होगी, तब तक केवल घोषणाएँ और कागज़ी अभियान जनता की पीड़ा को कम नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा इस स्थिति को लेकर पूरी तरह गंभीर है और प्रदेश के हर गाँव, वार्ड और मोहल्ले में जाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, कानूनन सज़ाओं और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करेगा। इसके साथ ही युवाओं को कौशल विकास, आत्म–रोज़गार, खेल, स्टार्टअप, सामाजिक सेवा और तकनीकी प्रशिक्षण जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ठोस और प्रभावी कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
अरविंद चौधरी ने स्पष्ट किया कि युवा मोर्चा नशा तस्करों, भ्रष्ट तंत्र और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को हर मंच पर मजबूती से उठाएगा। उनका कहना था कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का लक्ष्य एक सुरक्षित, नशामुक्त और अवसरों से भरपूर प्रदेश का निर्माण करना है, जहाँ युवा भय नहीं बल्कि विश्वास और आत्मसम्मान के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






