पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हिमाचल सरकार कर रही है निरंतर प्रयास:मुकेश अग्निहोत्री

धर्मपुर एक्सप्रेस। बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज ऊना से मंडी की ओर जाते हुए कुछ समय के लिए गोविंद सागर झील पहुंचे, जहां उन्होंने वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रत्यक्ष रूप से आनंद लिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश में पर्यटन को नए आयाम देने के लिए पूर्ण संकल्पित है और पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देना पर्यटन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेश की पहचान एडवेंचर टूरिज्म के तौर पर और अधिक मजबूत होगी।

 

उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन बिलासपुर के उन प्रयासों की सराहना की जिनके माध्यम से गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों को योजनाबद्ध, सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान में झील में क्रूज, शिकारा, स्पीड बोट और वाटर स्कूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव का माध्यम बनने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से बिलासपुर जिला पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है और यह क्षेत्र अब प्रदेश के प्रमुख आकर्षणों में अपना महत्वपूर्ण स्थान बना रहा है।

 

उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रबंधन के समन्वित प्रयासों से गोविंद सागर झील पर्यटन की दृष्टि से एक मॉडल रूप में विकसित हो रही है। आने वाले समय में इस पहल को और विस्तृत किया जाएगा तथा नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, ताकि हिमाचल प्रदेश जल, नभ और थल पर्यटन की त्रिस्तरीय अवधारणा को साकार करने की दिशा में और अधिक सशक्त कदम बढ़ाए जा सकें।

 

इस अवसर पर हिमफैड के उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान, झंडूता कांग्रेस के नेता विवेक कुमार और हिमुडा के निदेशक बोर्ड के सदस्य जितेंद्र चंदेल उपस्थित रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh