धर्मपुर एक्सप्रेस। बड़सर
जिला हमीरपुर की बड़सर विधानसभा के वल्ह पटियाला गांव के निवासी नवनीत कुमार ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नवनीत 2002 में भारतीय सेना में टेक्निकल ट्रेड मे भर्ती हुए थे और अब उन्होंने लेफ्टिनेंट का कमीशन क्वालीफाई कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। उनकी इस सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। नवनीत की प्रारंभिक पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिझड़ी में हुई। बचपन से ही अनुशासन और परिश्रम को अपने जीवन का हिस्सा बनाने वाले नवनीत ने जमा दो की परीक्षा पूरी करने के बाद भारतीय सेना में टेक्निकल ट्रेड में चयन प्राप्त किया था। यह चयन उनके लिए सैन्य जीवन की पहली बड़ी सफलता थी, जिसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। भारतीय सेना में पिछले 23 वर्षों से सेवा दे रहे नवनीत ने विभिन्न स्थानों पर अपनी तैनाती के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अपने कौशल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के दम पर उन्होंने लेफ्टिनेंट का कमीशन क्वालीफाई कर सेना में अधिकारी रैंक हासिल की है। यह उपलब्धि उनके अथक परिश्रम और देश सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।
नवनीत के पिता सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हैं और माता डाक विभाग (पोस्ट ऑफिस) में कार्यरत हैं। बेटे की सफलता से परिवार अत्यंत प्रसन्न और गौरवान्वित है। परिजनों ने कहा कि नवनीत ने हमेशा परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है नवनीत की सफलता उस युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायक है जो भारतीय सेना में करियर बनाना चाहती है। उनकी उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद भी दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयासों से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।विधायक इन्दर दत्त लखनपाल सहित स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत सदस्यों नवनीत की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






