बस अड्डे में दो युवकों से 105 ग्राम चिट्टे की बड़ी खेप बरामद 

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

 इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह के नेतृत्व में सदर पुलिस ने फिर दो युवकों से बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद करने में अहम कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बुधवार देर रात को हमीरपुर बस अड्डे से 105.23 ग्राम हैरोईन/ चिट्टा की खेप दो युवकों से बरामद की है। बाजार में इसकी कीमत साढ़े 10 लाख रुपए बताई जा रही है। एक युवक हमीरपुर तो दूसरा युवक बिलासपुर जिला से ताल्लुक रखता है। आरोपी युवकों की पहचान रजत मैहरा (29) पुत्र ओम प्रकाश निवासी हाउस न 47 वार्ड न 2, लक्ष्मण गली नजदीक बॉयज स्कूल हमीरपुर और आयुष ठाकुर पुत्र संजय कुमार निवासी गांव छियोई, डाकघर पन्तेहड़ा, तह. घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। यह आरोपी युवक बस अड्डे के नजदीक ही एक निजी संस्थान से डी. फार्मा कर रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दे रात को पुलिस रोजाना की तरह गस्त पर थी। इस दौरान ये दोनों युवक हमीरपुर बस अड्डे में संदिग्ध हालत में बैठे हुए थे।

सदर थाना के एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह और पुलिसकर्मियों ने संदेह के आधार पर इनसे तलाशी ली और इस दौरान 105.23 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने युवकों को एन.डी.पी.एस. एक्ट में गिरफ्तार किया है।

काबिले गौर है कि सदर थाना में इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने कार्यभार संभालते ही चिट्टा माफिया को जड से उखाड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। यहां ड्यूटी संभालते ही उन्होंने दर्जनों चिट्टा सप्लायरों को सलाखों के पीछे धकेला है।

मामले की पुष्टि एस.पी. भगत सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा चिट्टे का सेवन करने वाले और सप्लायरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh