हर असफलता, सफलता की पहली सीढ़ी होती है: डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

राजकीय उच्च विद्यालय गुलेला में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ मनाया गया। विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा उपस्थित रहे।

विद्यालय पहुंचने पर मुख्य अध्यापिका नीलम हांडा तथा विद्यालय स्टाफ ने पुष्पगुच्छ, फूलमालाएं और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने भी पूरे उत्साह और जोश के साथ डॉ. वर्मा का अभिनंदन किया।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पित नीतियों के परिणामस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। मुख्यमंत्री जी की पहल से प्रदेश 21वें स्थान से बढ़कर देश में पाँचवें स्थान पर पहुँच गया है, जो हर हिमाचली के लिए गर्व की बात है।

डॉ. वर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का मार्ग कठिन जरूर होता है, पर असंभव नहीं। हर असफलता सफलता की पहली सीढ़ी है। जरूरी नहीं कि हर बार पुरस्कार मिले, लेकिन निरंतर परिश्रम ही सच्ची जीत की कुंजी है। हर लंबी रात के बाद एक नई सुबह आती है । इसलिए लगातार मेहनत करते रहना ही सफलता का मंत्र है।

इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत उपप्रधान पवन पठानिया, कैप्टन प्रकाश चंद, श्री प्रकाश चंद पटियाल, कैप्टन बलदेव शर्मा, सेवानिवृत्त डीएसपी बलबीर पटियाल, अमित पठानिया, दिवस ठाकुर, रजत राणा, अश्विनी कुमार, सूबेदार संजय ठाकुर, सूबेदार राजीव शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार व्यक्त किया और उनके प्रेरणादायक शब्दों को विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक बताया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh