धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के विकास एवं सुविधा कार्यालय (DFO), सोलन द्वारा 6 से 10 अक्तूबर 2025 तक फीनिक्स कोचिंग अकादमी, बालूगंज, शिमला में पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (Management Development Programme) का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम MSME की उद्यमिता कौशल विकास योजना (Entrepreneurship Skill Development Programme – ESDP) के अंतर्गत आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं और नवोदित उद्यमियों को व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय योजना, विपणन तकनीक, उद्यमिता विकास, और सरकारी योजनाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन आज किया गया, जिसमें MSME के सहायक निदेशक श्री राहुल बंसल , MBA विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर संतोष कुमारी, NSO के SSO वीर सिंह तथा अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। इन विशेषज्ञों ने छात्रों को कौशल विकास, व्यवसायिक अवसरों, और सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया।
MSME कार्यालय, सोलन के सहायक निदेशक (सांख्यिकी) राहुल बंसल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं और उद्यमिता के क्षेत्र में नई राहें खोलते हैं।
फीनिक्स कोचिंग अकादमी के अध्यक्ष भागेश और प्रमुख दीक्षा ने संयुक्त रूप से कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि ऐसा प्रेरणादायक कार्यक्रम हमारे संस्थान में आयोजित हो रहा है। इससे न केवल हमारे छात्र, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवा लाभान्वित होंगे। हम MSME के आभारी हैं और कार्यक्रम की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी और नेटवर्किंग के अवसर मिलेंगे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






