धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
ग्राम पंचायत दडूही के शस्त्र बलही गांव के 11 परिवार पिछले दो वर्षों से लैंडस्लाइड की मार झेल रहे हैं। वर्ष 2023 में हुए भूस्खलन से इन परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, लेकिन अब तक उन्हें सरकार की ओर से कोई राहत या स्थायी समाधान नहीं मिला है।
ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के चलते उनके मकान गिरने की कगार पर हैं। मजबूरी में वह अपने परिवार सहित रिश्तेदारों के घर शरण लिए हुए हैं। उन्होंने उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपकर सरकार से स्थायी रूप से रहने की व्यवस्था करने की मांग की है।
दडूही पंचायत की प्रधान उषा बिरला ने कहा कि प्रभावित परिवारों की स्थिति बेहद दयनीय है और सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर इन्हें राहत प्रदान करनी चाहिए।
वहीं, गांव के एक अन्य निवासी मेहर सिंह ने बताया कि उनके घर पूरी तरह ढह चुके हैं। इस कारण उन्हें भी रिश्तेदारों के घर में रहना पड़ रहा है और परिवार को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान उषा बिरला के नेतृत्व में डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों की जल्द से जल्द मदद की मांग की।
इस पर उपायुक्त अमरजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि इस मामले को गंभीरता से सरकार के समक्ष रखा जाएगा और प्रभावितों को राहत दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






