धर्मपुर एक्सप्रेस। बड़सर
भारतीय जनता पार्टी हमीरपुर जिला इकाई ने 25 जून 2025 को बड़सर में आपातकाल की 50वीं बरसी पर “संविधान हत्या दिवस” के रूप में एक विशेष जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया। यह दिन 1975 में कांग्रेस द्वारा थोपे गए आपातकाल के काले अध्याय की याद में मनाया गया, जिसमें लोकतंत्र की हत्या, प्रेस की स्वतंत्रता का गला घोंटना और लाखों देशभक्तों को जेल में डालना शामिल था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि “आपातकाल भारतीय लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था और हमें इसे भूलना नहीं चाहिए।” उन्होंने युवाओं को संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम से पूर्व डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपनी माता जी की स्मृति में एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा हमीरपुर जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की। विशेष रूप से बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक अनिल धीमान, पूर्व विधायिका कमलेश कुमारी, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्षा वंदना योगी, प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर, व वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लोकतंत्र की प्रहरी प्रोमिला जैन सहित 1975-77 के आपातकाल का विरोध करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में “आपातकाल – एक ऐतिहासिक छलावा” विषय पर परिचर्चा भी आयोजित की गई।
जिले भर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh

