धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरपुर में शुक्रवार को मुंबई की शिल्स प्रोफेशनल कंपनी ने एक दिवसीय ‘लुक एंड लर्न नेल आर्ट’ सेमिनार का आयोजन किया।
इस अवसर पर कंपनी के प्रशिक्षित नेल एजूकेटर हार्दिक पाण्ड्य ने कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड की प्रशिक्षणार्थियों को नेल आर्ट के आधुनिक तकनीकों एवं डिजाइन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से विभिन्न प्रकार की नेल आर्ट स्टाइल्स का प्रशिक्षण दिया और इस क्षेत्र में संभावनाओं एवं व्यावसायिक अवसरों से अवगत करवाया। उन्होंने नेल आर्ट के आधुनिक डिज़ाइनों, उपकरणों एवं उनकी उपयोग विधियों का प्रदर्शन करते हुए यह समझाया कि किस प्रकार ये कौशल कॉस्मेटोलॉजी व्यवसाय में अत्यधिक उपयोगी हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को नेल आर्ट की विभिन्न शैलियों जैसे जेली नेल, फ्रेंच नेल और थ्री-डी डिज़ाइन सीखने का अवसर मिला।
यह सेमिनार न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि इससे प्रशिक्षार्थियों को सौंदर्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा और कॉस्मेटोलॉजी की अनुदेशिका मीनाक्षी राणा ने सेमिनार के आयोजन के लिए शिल्स प्रोफेशनल कंपनी, एजूकेटर हार्दिक पाण्ड्य, उनके टीम सदस्य मंजीत सिंह राणा और वरुण लूना का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि संस्थान में भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






