धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
प्रदेश भाजपा महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को हमीरपुर जिला मुख्यालय के अणु में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2025-26 में हिमाचल प्रदेश के लिए 11806.30 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना केंद्र सरकार द्वारा कोविड महामारी के मध्यनजर वित्त वर्ष 2020-21 में शुरू की गई थी जिसके तहत राज्य सरकारों को 50 साल के ब्याज मुक्त ऋण के रूप में विशेष सहायता प्रदान की जा रही है। बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश रेलवे विस्तार के लिए 2716 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष से 18 करोड़ अधिक है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 63.5 किलोमीटर लंबी भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन लेह तक प्रस्तावित है। भानुपल्ली को बिलासपुर से जोड़ने के लिए 6753.42 करोड़ रुपए खर्च आएगा। मार्च 2027 तक बिलासपुर को रेल लाइन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। चंडीगढ़ और बद्दी को जोड़ने वाली 31 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर 1540.13 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जोकि दिसंबर 2025 तक कार्य पूरा किया जाना है।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट एक बड़े वर्ग को राहत प्रदान करने वाला है। विशेषकर नई कर व्यवस्था के तहत 12 लाख रुपए तक की वार्षिक आय पर कोई आयकर नहीं लगने वाला है। इससे कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने से लगभग 9.97 लाख किसान परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज पर कटौती की सीमा 50 हजार रुपए से 2 गुना बढ़कर 1 लाख रुपए की जा रही है। किराए पर टी.डी.एस. के लिए वार्षिक सीमा 2.40 लाख रुपए से बढ़ाकर 6 लाख रुपए की गई है। खनन में सुधार की बात कही गई है जिसके अंतर्गत प्रदेश में खनन को वैज्ञानिक तकनीक से बढ़ावा मिल सकेगा। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2047 तक कम से कम 100 गीगावाट की परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास के लिए बजट में 10 हजार करोड़ रुपए का शहरी चुनौती कोष बनाया गया है। बजट में पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीपैड और छोटे एयरपोर्ट निर्मित करने के लिए सहयोग देने की घोषणा हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बौद्ध टूरिज्म पर भी फोकस करने की घोषणा की है जिसमें धर्मशाला, कुल्लू, मनाली एवं लाहौल स्पीति में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है।
बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अब अटल टिंकरिंग लैब वाले स्कूलों की संख्या भी बढ़ेगी। साथ ही माध्यमिक स्कूलों में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी शुरू होगी, ऐसा बजट में प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि ज्ञान भारतम् मिशन से हिमाचल को सहारा शैक्षिक संस्थानों, संग्रहालयों और निजी संग्रहकर्ताओं के साथ पांडुलिपि विरासत के सर्वेक्षण पर लेखन और संरक्षण के लिए ज्ञान भारतम् मिशन बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, हिमाचल में अब सक्षम आंगनबाड़ी बनेगी। केंद्र सरकार सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण 2.0 अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत पोषण संबंधी सहायता के लिए लागत मापदंडों को समुचित रूप से बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की सीटें बढ़ेगी। कैंसर डे केयर केंद्र खुलने के साथ दवाएं सस्ती करने की बात भी बजट में कही गई है। जिला स्तर पर डे केयर कैंसर केंद्र स्थापित करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत देश के 100 सबसे कम फसल उत्पादकता वाले जिलों में उत्पादन क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे भी प्रदेश के किसान लाभान्वित होंगे। केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन को बढ़ावा देने का फैसला लिया है जोकि 2028 में पूरा होगा। भाजपा महामंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल शक्ति विभाग को दो परियोजनाओं के लिए 72.08 करोड़ रुपए किस्त जारी की है। इसके तहत कांगड़ा जिला में बन रही फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना के लिए 67.5 करोड़ व हमीरपुर जिला की नादौन सिंचाई योजना के लिए 4.58 करोड़ रुपए का बजट मिला है। फिन्ना सिंह परियोजना की कुल लागत 646 करोड़ रुपए है। यह योजना एक दशक से लटकी हुई है, इसका काम पूरा होने से कांगड़ा जिला के लिए यह वरदान साबित होगी।
बजट संगोष्ठी में भाजपा कार्यकर्ताओं को किया जागरूक
जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में स्थानीय बसंत रिजॉर्ट में एक बजट संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह संगोष्ठी कार्यक्रम केंद्र सरकार द्वारा रखा गया है जिसके माध्यम से केंद्रीय बजट 2025-26 के मुख्य बिंदुओं एवं घोषणाओं के बारे में आमजन को जागरूक किया जाएगा। इसमें मुख्य वक्ता के तौर पर प्रदेश भाजपा महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित किया। इस अवसर पर बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक नादौन विधानसभा क्षेत्र विजय अग्निहोत्री, पूर्व विधायक भोरंज विधानसभा क्षेत्र अनिल धीमान, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा वंदना योगी, प्रदेश भाजपा सचिव नरेंद्र अत्री के अतिरिक्त जिला भाजपा से अजय रिन्टू, प्यारेलाल शर्मा, देशराज शर्मा, रसील सिंह मनकोटिया, अजय शर्मा, राजकुमारी ठाकुर, बीना कपिल, सुमन कपिल, अर्चना चौहान, विकास शर्मा सहित सभी भाजपा मंडलों के अध्यक्ष व पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रदेश भाजपा महामंत्री का स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत भी किया।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh