देश के विकास में डॉक्टर मनमोहन सिंह का बहुत बड़ा योगदान : जय राम ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला 

 पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुःख जताते हुए उनके निधन को एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर संपूर्ण देश शोकाकुल है। एक छोटे से गांव से निकलकर डॉक्टर मनमोहन सिंह ने दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई की और सेवाएं दी। एक अर्थशास्त्री के रूप में उन्हें भारत के वर्तमान आर्थिक उदारीकरण अग्रदूत के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश का नेतृत्व किया और विभिन्न चुनौतियों से बाहर निकाला। 

 

मनमोहन सिंह ने 1991 में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर एक नई दिशा मिली। उनके प्रधानमंत्रित्व में आर्थिक वृद्धि दर में सुधार हुआ और भारत ने एक तेजी से विकासशील अर्थव्यवस्था के रूप में पहचान बनाई।सहजता और सरलता वाले डॉ. मनमोहन सिंह जी का एक अर्थशास्त्री के रूप में भी देश लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है। पार्टी तक सीमित न रहकर बतौर प्रधानमंत्री उन्होंने देश के सभी वर्गों के उत्थान के लिए ईमानदारी से प्रयास किये, इसके लिए उन्हें सदैव स्मरण किया जाएगा। उनकी नेतृत्व क्षमता और उनके द्वारा स्थापित राजनीतिक परंपरा लंबे समय तक देश को प्रेरित करती रहेगी।

 

डॉ. मनमोहन सिंह की नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता ने भारतीय राजनीति और समाज पर गहरा प्रभाव डाला है, और उनकी उपलब्धियाँ हमेशा याद रखी जाएँगी। उनके निधन पर हम सभी गहरी शोक संवेदनाएँ व्यक्त करते हैं।ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोकसंतप्त परिवार एवं उनके प्रशंसकों को संबल प्रदान करें।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh