धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
जिला हमीरपुर के तहत बमसन तहसील के ग्राम ठाणा बजूरी में दिल दहला देने वाली घटना के आरोपी तक्ष पुत्र कमलेश को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। माननीय न्यायालय ने आरोपी को 28 अक्टूबर तक तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से कई साक्ष्यों को लेकर कड़ी पूछताछ करेगी। वारदात में प्रयोग किया गया हथियार दराट अभी आरोपी की निशानदेही पर बरामद किया जाना है। इसके लिए रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी को वारदात वाली जगह लाएगी। इससे पहले वीरवार सायं को आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस हमीरपुर ले गई और उसका मेडिकल करवाया गया।
आरोपी तक्ष को वारदात के तीसरे दिन उपरली दारोगण के नाले से ड्रोन की मदद से ढूंढ निकाला गया था । सब इंस्पेक्टर अखिलेश की अगुवाई में पुलिस की टीमें आरोपी तक्ष को ढूंढने में दिन रात एक किए हुई थी। आरोपी मंगलवार सायं से ही घर से फरार हो गया था लेकिन उसके मोबाईल की लोकेशन करीब तीन किलोमीटर के दायरे में आ रही थी। पुलिस तीन दिनों से ढूंढ रही थी जिसके लिए डॉग स्क्वायड और ड्रोन की मदद भी ली गई थी।
उधर विशाल के घर पर उसकी पत्नी नैन्सी से हाल चाल पूछने लगातार परिजन पहुंच रहे हैं । मौका वारदात पर अभी भी खून के बड़े दाग रास्ते और आंगन में देखे जा सकते हैं । पीजीआई चंडीगढ़ से लौटे एक परिजन ने बताया कि विशाल अब पहले से ठीक है। डॉक्टरों ने बताया है कि गंभीर रूप से घायल विशाल तेजी से रिकवर हो रहा है।
उधर आरोपी तक्ष के घर में सन्नाटा छाया हुआ है और इक्का दुक्का रिश्तेदार तक्ष के पिता कमलेश के पास पहुंच रहे है। तक्ष की बहन वर्षा ने बताया कि उसका भाई तक्ष अधिक नहीं बोलता था और अधिकता चुप रहता है। उसके द्वारा कभी इतना गुस्सा नहीं किया गया। अगर उससे गलत हो गया है तो समाज इसके माता पिता को मानसिक सजा न दे।
नैंसी देवी पत्नी विशाल सिंह की शिकायत पर तक्ष के खिलाफ एफआईआर नंबर 280/24, धारा 109 भारतीय न्याय सहिंता के तहत 22 अक्तूबर को ही दर्ज की गयी है। नैन्सी ने कहा कि मुझे इंसाफ चाहिए आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए । विशाल का करीब डेढ़ वर्ष पूर्व विवाह हुआ था और उसका दस माह का बेटा है।
विशाल की मौसी सत्या ने कहा कि उसने भी जिंदगी में ऐसा खून खराबा नहीं देखा है। आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
विशाल की सास नीलम ने कहा कि उन्हें पुलिस की कार्यवाही पर भरोसा है और न्यायालय पर पूरा विश्वास है। आरोपी को निश्चित रूप से सख्त सजा मिलें ताकि ऐसे अपराधों पर रोक लग सके।
विशाल के रिश्तेदार एवं दरकोटी गांव के पूर्व सैनिक बलवंत सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी तक्ष ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी की किसी भी सूरत में जमानत नहीं होनी चाहिए । पुलिस को ठोस सबूतों के आधार पर आरोपी को अधिक से अधिक सजा दिलवाने के प्रयास करने होंगे ताकि अपराधी किस्म के लोगों को सबक मिल सके।
वहीं एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन तक का पुलिस रिमांड मिला है। 28 अक्टूबर को आरोपी को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




