कुटलैहड़ में बागियों पर खूब बरसे सीएम और डिप्टी सीएम

धर्मपुर एक्सप्रेस। ऊना 

हमीरपुर संसदीय हलके के कुटलैहड़ से कांग्रेस पार्टी ने विधिवत रूप से चुनावी बिगुल बजा दिया है। चुनाव घोषणा के बाद सीएम और डिप्टी सीएम पर आधारित जोड़ी की यह कुटलैहड़ में पहली हुंकार थी। सीएम और डिप्टी सीएम ने जिस प्रकार के तेवर दिखाए उससे आने वाले दिनों में राजनीतिक गर्माहट का आभास हुआ है। खुले मंच से प्रदेश की इस जुगलबंदी ने बागियों को खुली चुनौती दी है। पहली बार मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के 6 बागियों पर खुला प्रहार किया है। आमतौर पर व्यक्तिगत आरोपों-प्रत्यारोपण व लांछन की राजनीति से दूर रहने वाले सुखविंदर सुक्खू बागियों पर जमकर हमलावर हुए।

जनसभा में पहुंचे लोग उस समय स्तब्ध रह गए जब सुक्खू ने खुले मंच से कहा कि बागियों ने 15-15 करोड़ रुपए में अपना जमीर बेचा है। सुक्खू यहीं नहीं रुके, कुटलैहड़ में हुंकार भरते हुए उन्होंने भुट्टो यानी देवेन्द्र भुट्टो पर कुट्टो जैसे तीखे शब्दवाणों से भी प्रहार किया। सुक्खू ने कहा कि भुट्टो को कुटलैहड़ की जनता भुट्टो पर वोटों रूपी कुटने का प्रहार करे। यहां तक कि इनकी जमानत जब्त हो जाए, तब यह संदेश जाए कि हिमाचल की संस्कृति ऐसी नहीं है। सुक्खू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव से पहले यही बागी विधायकों के साथ भुट्टो भोजन के स्वाद का बखान कर रहे थे और सुबह बागी होकर भाजपा को वोट दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भी भुट्टो आते तो स्टोन क्रशर की बात करते या सरकारी टैंडरों की सिफारिश होती। जनता के सुख-दुख से उनका कोई सरोकार नहीं था। जब जनता से उनका सरोकार नहीं रहा तब मुख्यमंत्री के रूप में वह खुद कुटलैहड़ की जनता का फिक्र कर रहा था। 6 बागियों को लपेटे में लेते हुए सुक्खू ने कहा कि शीघ्र 6 बागी सलाखों में जाएंगे।

इस राजनीतिक रैली में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कई महीने बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि उनका सरकार बनाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। डिप्टी सीएम ने कुटलैहड़ के साथ-साथ गगरेट में भी लोगों को राहत मिलने की बात कही। अग्निहोत्री ने कहा कि गगरेट की जनता को 14 महीने में ही राहत मिल गई है। इस क्षेत्र में स्टोन क्रशरों से उगाही होती थी तो जनता बेहद परेशान थी।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh