धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
जिला हमीरपुर के जोलसप्पड़ स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कथित भ्रामक जानकारी के खिलाफ अब विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। युवा कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
युवा कांग्रेस के नेता सचिन ठाकुर और दिवस ठाकुर ने संयुक्त रूप से पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर को शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें यह दावा किया गया है कि जोलसप्पड़ में बन रहे मेडिकल कॉलेज की एक इमारत गिरने वाली है।
उन्होंने कहा कि यह वीडियो पूरी तरह से झूठा, निराधार और भ्रामक है, जिसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। इस तरह की गलत जानकारी से न केवल आम जनता में भय और भ्रम का वातावरण बन रहा है, बल्कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की छवि को भी जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह कृत्य एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है, जिसका उद्देश्य विकास कार्यों को बदनाम करना और जनता के बीच अविश्वास फैलाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे भ्रामक प्रचार पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और आईटी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अफवाह फैलाने का दुस्साहस न कर सके।
युवा कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन इस मामले की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र और उचित कार्रवाई करेगा, जिससे जनता में फैले भ्रम को दूर किया जा सके और शांति व्यवस्था बनी रहे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




