समय पर दफ़्तर आएं अधिकारी, फाइलें भी न अटकें, कार्यकारी मुख्य सचिव संजय गुप्ता का सख्त संदेश

धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला

हिमाचल प्रदेश के नए कार्यकारी मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने पदभार संभालते ही अधिकारियों को अनुशासन का सख्त संदेश दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ पहली बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब अधिकारी समय पर दफ़्तर आएंगे और फाइलों के निपटारे में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि किसी भी विभाग की फाइल दो दिन से अधिक एक दफ़्तर में लंबित नहीं रहेगी। इसके अलावा, सचिव और डायरेक्टर अगर शहर से बाहर जाते हैं तो इसकी जानकारी मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और संबंधित मंत्रियों को देनी होगी।

संजय गुप्ता ने कहा कि फिलहाल प्रदेश की आर्थिक स्थिति संतोषजनक नहीं है, लेकिन सरकार जल्द ही इसे सुधारने के लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक में सात प्राथमिकताओं पर सहमति बनी है और आने वाले समय में इन्हीं पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव और बिजली बोर्ड चेयरमैन रहते हुए मिले अनुभव का इस्तेमाल राज्य की बेहतरी के लिए करेंगे। साथ ही सभी विभागों को वित्तीय अनुशासन अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh