कर्मचारियों के सम्मान पर हमला, तबादला माफिया के सामने झुकी कांग्रेस सरकार: इंद्रदत्त लखनपाल

धर्मपुर एक्सप्रेस। बड़सर 

 

 बड़सर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार की स्थानांतरण नीति पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने इसे पूर्णतया कर्मचारी विरोधी, महिला विरोधी और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए खतरनाक करार देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब स्थानांतरण आवश्यकता के आधार पर नहीं बल्कि राजनीतिक बदले की भावना, सिफारिश और पैसे के लेन-देन के आधार पर किए जा रहे हैं।

विधायक लखनपाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सक्रिय ‘तबादला माफिया’ की पूरी घटक सरकार के इशारे पर काम कर रही है और कांग्रेस सरकार उसकी कठपुतली बन चुकी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस भ्रष्ट और अपारदर्शी तबादला प्रणाली के कारण सैकड़ों कर्मचारियों के अनैतिक, मनमाने और जबरन तबादले बड़सर क्षेत्र में हुए हैं, जिनके पीछे किसके निर्देश थे, इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना होगा।

 

उन्होंने कहा कि “यह स्पष्ट हो गया है कि ये तबादले सरकार के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर किए जा रहे हैं, जो ईमानदार कर्मचारियों का शोषण करने और प्रशासन को कमजोर करने की साजिश है।”

विधायक लखनपाल ने महिला कर्मचारियों के साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार को भी गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को दूर-दराज, दुर्गम और असुविधाजनक क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है, जहां रहना और काम करना उनके लिए अत्यंत कठिन है। इससे न केवल उनका सामाजिक और पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि यह सरकार की नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण की बातों की पोल खोलता है।

उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर भी कड़े आरोप लगाते हुए कहा कि ये नेता अधिकारियों और कर्मचारियों को खुलेआम धमका रहे हैं, उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और मनोवैज्ञानिक उत्पीड़न कर रहे हैं। यह स्थिति लोकतंत्र और प्रशासनिक स्वतंत्रता दोनों के लिए गंभीर खतरा है।

विधायक ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि तत्काल तबादला माफिया की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, सभी राजनीतिक आधार पर हुए तबादलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए और महिला कर्मचारियों को राहत दी जाए।

“यदि सरकार ने समय रहते इस अन्याय को नहीं रोका, तो भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी और कर्मचारी वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।”

इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और न्याय के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी गलत और भ्रष्ट प्रथाएं भविष्य में कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से घातक सिद्ध होंगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh